स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में 26 से 28 सितंबर तक आयोजित प्रारंभिक शिक्षा की जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में पाबौ विकासखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अर्जित किए।
प्रतियोगिता में राजकीय जूनियर हाईस्कूल गिन्ठाली की छात्रा सोनाक्षी ने गोला फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता, वहीं चक्का फेंक में तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक भी अपने नाम किया। इसी विद्यालय की छात्रा आयुषी ने 100 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। दोनों छात्राएं अब 13 अक्टूबर से देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
गिन्ठाली विद्यालय से कुल छह छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया था, जिनमें सोनाक्षी और आयुषी का प्रदर्शन सर्वाधिक उल्लेखनीय रहा। राज्य स्तरीय चयन पर विद्यालय की ओर से दोनों छात्राओं को सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उत्साहवर्धन किया गया।
इसके अलावा पाबौ ब्लॉक के अन्य खिलाड़ियों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
प्राथमिक वर्ग में:
- पालीगांव के पीयूष ने 50 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
- भागवत मोंटेसरी की गुंजन ने 100 मीटर में प्रथम और 200 मीटर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
- नौठा की आयशा ने 400 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान हासिल किया।
सब-जूनियर वर्ग में:
- एबीएम चपलोडी विद्यालय के अनमोल ने 100 और 200 मीटर में द्वितीय, जबकि 600 मीटर में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
- जूनियर हाई स्कूल कलुण के मयंक नेगी ने लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में पाबौ ब्लॉक के खिलाड़ियों ने कुल 2 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
खंड शिक्षा अधिकारी अमित चौहान ने सभी छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के निरंतर प्रयासों से खिलाड़ियों के प्रदर्शन में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रहलाद सिंह रावत, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्षा पूजा देवी, प्रधानाध्यापक सते सिंह भंडारी, शिक्षक चंद्र किशोर राणा, क्षमा शर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य गजेंद्र सिंह, तथा जिला सहायक खेल समन्वयक प्रदीप रावत उपस्थित रहे।

Post a Comment