मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 187 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे, पारदर्शी भर्तियों पर दिया ज़ोर


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्य सेवक सदन में एक समारोह के दौरान सिंचाई विभाग के 144 चयनित अभ्यर्थियों एवं उत्तराखंड परिवहन निगम में मृतक आश्रित कोटे के तहत 43 पात्र आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस मौके पर कुल 187 अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी गई।

मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे ईमानदारी, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लंबे समय से लंबित मामलों का समाधान करते हुए सभी पात्र आश्रितों को नियुक्ति दी गई है। इससे पहले वर्ष 2023 में 150 आश्रितों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम ने 2024 में रिकॉर्ड ₹56 करोड़ से अधिक का लाभ अर्जित किया है, जो सरकार की कार्यप्रणाली और पारदर्शी नीति का परिणाम है।

उन्होंने राज्य में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर कहा, "पहले भर्तियों में भारी धांधली और भ्रष्टाचार हुआ करता था। लेकिन हमारी सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। अब भर्तियां पूरी तरह से मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर हो रही हैं।"

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश के 23,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने सिंचाई विभाग में चयनित अभ्यर्थियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया, जिनका कार्य राज्य की सिंचाई परियोजनाओं के लिए डिज़ाइन और विकास कार्यों में अहम रहेगा।

धामी ने यह भी उल्लेख किया कि नियुक्त हुए कई अभ्यर्थी राज्य आंदोलनकारी क्षैतिज आरक्षण कोटे के अंतर्गत चयनित हुए हैं, जिसे उन्होंने "हर किसी के लिए गर्व का विषय" बताया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, विधायक खजान दास, सविता कपूर, सचिव युगल किशोर पंत, अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य अधिकारीगण भी मौजूद रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post