चमोली: 21 वर्षीय प्रियंका नेगी बनीं उत्तराखण्ड की सबसे कम उम्र की ग्राम प्रधान

मुख्यमंत्री के आदर्श गांव सारकोट की कमान 21 वर्षीय प्रियंका नेगी के हाथों, सबसे कम उम्र की प्रधान बनीं.




उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के नतीजे घोषित हो रहे हैं।  मुख्यमंत्री के आदर्श गांव घोषित सारकोट ग्राम पंचायत से 21 वर्षीय प्रियंका नेगी ने प्रधान पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वह अब तक की सबसे कम उम्र की ग्राम प्रधान बन गई हैं।

प्रियंका नेगी ने अपने प्रतिद्वंद्वी प्रियंका देवी को हराकर जीत हासिल की। चुनाव परिणामों के अनुसार, प्रियंका नेगी को 421 मत, जबकि प्रियंका देवी को 235 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार, प्रियंका नेगी ने 186 मतों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की। प्रियंका नेगी ने गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। राजनीति में उनकी गहरी रुचि बचपन से ही रही है, और शायद यही कारण है कि इतनी कम उम्र में उन्होंने नेतृत्व की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली है। गौरतलब है कि प्रियंका के पिता राजेंद्र नेगी स्वयं भी सारकोट ग्राम सभा से दो बार प्रधान रह चुके हैं। पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए प्रियंका ने अब नई पीढ़ी की सोच और युवा नेतृत्व का परिचय दिया है।

प्रियंका की जीत के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों में नई प्रधान से गांव के विकास, महिला सशक्तिकरण, और शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीदें बंध गई हैं। लगातार लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी प्रियंका नेगी की जमकर सराहना हो रही है।

प्रियंका नेगी ने जीत के बाद कहा कि वह ग्राम पंचायत के हर वर्ग के लिए कार्य करेंगी और पारदर्शिता व समर्पण के साथ गांव को आदर्श ग्राम बनाने के प्रयास करेंगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post