दीपावली के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए कोटद्वार पुलिस ने यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह के आदेशानुसार, यह अभियान अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार के निकट पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है।
यातायात निरीक्षक संदीप तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों जैसे मॉल, मेगा मार्ट, Blinkit, Zomato सहित अन्य आउटलेट्स का दौरा किया। इस दौरान संबंधित प्रबंधकों से मुलाकात कर प्रतिष्ठानों में कार्यरत डिलीवरी कर्मियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
प्रमुख निर्देश जो प्रतिष्ठान संचालकों को दिए गए:
- दीपावली के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए।
- ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग स्थल के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए।
- यातायात पुलिस से समन्वय बनाकर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखी जाए।
- प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन भी अनिवार्य रूप से करवाया जाए।
पुलिस ने सभी प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे दीपावली के दौरान “सुरक्षित आवागमन - जिम्मेदार यातायात” का संदेश आमजन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
कोटद्वार पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे दीपावली जैसे पर्व की उमंग को जिम्मेदारी के साथ मनाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करें। यातायात नियमों का पालन करते हुए तेज गति से वाहन न चलाएं, गलत दिशा में ड्राइविंग से बचें तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।

Post a Comment