आस्था और श्रद्धा का प्रतीक कोटद्वार स्थित श्री सिद्धबली धाम में आगामी 5 दिसंबर से तीन दिवसीय वार्षिक अनुष्ठान का आयोजन होने जा रहा है। यह अनुष्ठान 5, 6 और 7 दिसंबर तक भव्य धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर सिद्धबली मंदिर समिति ने तैयारियां कर ली हैं।
पहला दिन (5 दिसंबर - शुक्रवार)
अनुष्ठान का शुभारंभ 5 दिसंबर को ब्रह्ममुहूर्त में सुबह 5 बजे पिंडी महाभिषेक से होगा। इसके पश्चात सुबह 7 बजे मंदिर परिक्रमा के बाद एकादश कुंडीय यज्ञ की शुरुआत की जाएगी।
सुबह 8 बजे सिद्धों के डांडा यात्रा निकाली जाएगी, जो स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दूरदराज से आने वाले भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
शाम 3 बजे नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
दूसरा दिन (6 दिसंबर - शनिवार)
दूसरे दिन भी धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत सुबह 5 बजे पिंडी महाभिषेक से होगी।
सुबह 7 बजे एकादश कुंडीय यज्ञ में आहुतियां दी जाएंगी।
दोपहर 1 बजे से गढ़वाली भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध गढ़वाली भजन गायक मंगलेश डंगवाल अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
अंतिम दिन (7 दिसंबर - रविवार)
अनुष्ठान के अंतिम दिन भी सुबह 5 बजे पिंडी महाभिषेक और सुबह 7 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
सुबह 8 बजे बाबा के जागर होंगे, जो स्थानीय धार्मिक संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग हैं।
इसके पश्चात सुबह 11 बजे बाबा को सवामन रोट का प्रसाद चढ़ाया जाएगा और तत्पश्चात यह प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।
दोपहर 1 बजे हिंदी भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह 'लक्खा' अपनी प्रसिद्ध प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।

Post a Comment