उत्तराखंड के गोपेश्वर में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां आर्मी के जवानों को लेकर जा रही बस अचानक पलट गई। हादसे में कई जवान घायल हुए हैं।
उत्तराखंड के चमोली जनपद में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया जब सेना के जवानों को ले जा रही एक बस बदरीनाथ हाईवे पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 9 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए कर्णप्रयाग उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेना की यह बस जोशीमठ से ऋषिकेश स्थित रायवाला सैन्य छावनी के लिए रवाना हुई थी। बस में कुल 31 जवान सवार थे। सोनल के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हालांकि, चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पहाड़ी की ओर मोड़ा जिससे वह खाई में गिरने से बच गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, और 9 घायल जवानों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से तत्काल अस्पताल भेजा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही चमोली के जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने स्थिति की पुष्टि करते हुए बताया कि अधिकांश जवान सुरक्षित हैं और घायलों का उपचार जारी है। उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग स्वयं अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों का हालचाल जान रहे हैं।

Post a Comment