बीते 1 सितंबर को थाना पैठाणी में एक 85 वर्षीय वृद्ध महिला समोद्रा देवी के साथ की गई मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी बादल सिंह को पुलिस ने देहरादून के क्लेमेनटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार था और पुलिस की जांच में सहयोग नहीं कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादिनी बिमला देवी, निवासी कर्णप्रयाग, चमोली द्वारा थाना पैठाणी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम टीला निवासी बादल सिंह ने उनकी वृद्ध माताजी समोद्रा देवी के साथ बर्बरता से मारपीट की, गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल थाना पैठाणी में मु०अ०सं० 07/2025, धारा 115(2)/352/351(2)/333 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी, लोकेश्वर सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के विरुद्ध शीघ्र वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष पैठाणी सुनील रावत के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने सुरागसी, पतारसी और जांच-पड़ताल के माध्यम से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। टीम ने 14 सितंबर को देहरादून के क्लेमेनटाउन क्षेत्र में स्थित एक किराए के मकान से बादल सिंह (उम्र 24 वर्ष) पुत्र स्व. धर्मेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम टीला, पैठाणी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियोग का विवरण:
- मु0अ0सं0: 07/2025
- धारा: 115(2)/352/351(2)/333 BNS
- गिरफ्तार अभियुक्त: बादल सिंह (उम्र 24 वर्ष), निवासी ग्राम टीला, पैठाणी, जनपद पौड़ी गढ़वाल
पुलिस ने बताया कि जनपद में वृद्धजनों और निर्बल वर्ग के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment