आज से देशभर में GST की नई दरें लागू, GST की नई दरों पर चलेगा जनजागरूकता अभियान: CM पुष्कर सिंह धामी

 उत्तराखंड में जी.एस.टी. की नई दरों पर चलेगा जनजागरूकता अभियान: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के मंत्रीगणों, विधायकगणों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 22 सितंबर से देशभर में जी.एस.टी. की नई दरें प्रभावी हो गई हैं। उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दरों का लाभ आम जनता और व्यापारिक समुदाय तक तीव्रता से पहुँचे, इसके लिए प्रदेश भर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि 22 से 29 सितंबर तक अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन करें। इस दौरान प्रभारी मंत्री अपने-अपने जनपदों में तथा विधायकगण अपनी विधानसभाओं में अभियान का नेतृत्व करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जी.एस.टी. की संशोधित दरों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और "वोकल फॉर लोकल" व "लोकल टू ग्लोबल" जैसी पहलों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के अंब्रेला ब्रांड "हाउस ऑफ हिमालयाज", जी.आई. टैग प्राप्त 27 उत्पाद, एक जनपद दो उत्पाद योजना, तथा स्थानीय हस्तशिल्प और कृषि उत्पाद को नए कर ढांचे से विशेष प्रोत्साहन मिलेगा। इससे स्वरोज़गार के अवसर बढ़ेंगे और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में ठोस कदम बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों और स्थानीय निकायों को इस अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं और नगर निकायों के स्तर पर बैठकों का आयोजन हो, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को विस्तृत जानकारी दी जाए। साथ ही उद्योग विभाग को निर्देशित किया गया है कि वह जी.आई. टैग उत्पादों और "एक जनपद दो उत्पाद" योजना को और अधिक बाज़ारोन्मुख और सशक्त बनाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह जागरूकता अभियान केवल प्रचार तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नुक्कड़ नाटकों, लोकगीतों तथा अन्य सांस्कृतिक माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों का भी इस्तेमाल कर आम नागरिकों और व्यवसायियों तक जानकारी पहुँचाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जी.एस.टी. की नई दरों से व्यापार सुगमता को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ता एवं उत्पादक दोनों को लाभ होगा। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादकता और विपणन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी और छोटे उद्यमी राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जुड़ सकेंगे।

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस अभियान को जन अभियान का स्वरूप दें और स्वयं इसमें सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने में हर नागरिक का योगदान महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने जी.एस.टी. की नई दरों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि इससे आमजन और व्यवसायियों को किस प्रकार के लाभ मिलेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post