चमोली जनपद से एक हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है। गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर भाई दूज के शुभ अवसर पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल है।
मिली जानकारी के अनुसार, अरविंद त्रिपाठी अपनी पत्नी अनिता त्रिपाठी और दो बेटों—अम्बुज त्रिपाठी (25) एवं अनन्त त्रिपाठी (22)—के साथ अनिता के मायके पोखरी क्षेत्र के विशाल पाव गांव गए थे। परिवार भाई दूज का पर्व मनाने वहां पहुंचा था। पर्व समाप्त होने के बाद जब सभी लोग अपनी कार से वापस लौट रहे थे, तभी गोपेश्वर-पोखरी सड़क पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि गिरते ही कार में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में अरविंद त्रिपाठी, उनकी पत्नी अनिता और छोटे बेटे अनन्त की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं, बड़ा बेटा अम्बुज गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया। घायल अम्बुज को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डूबो दिया है। भाई दूज जैसे पारिवारिक त्यौहार के दिन हुई इस त्रासदी ने लोगों को गहरे दुःख में डाल दिया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment